बागेश्वर : मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी ने बागेश्वर से गरुड़ तक लघु सिंचाई, सिंचाई विभाग एवं ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्ध क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
लघु सिंचाई विभाग के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में निर्मित योजनाओं में खोली, सेल्टा तथा कमेड़ी चीर गधेरा में बनाए गए चेकडैमों का निरीक्षण किया। ग्रामीण निर्माण विभाग के तहत राजकीय इंटर कालेज रवांईखाल में अतिरिक्त कक्ष मरम्मत, आइटीआई कमेड़ी में प्रशासनिक भवन मरम्मत कार्य तथा हेलीपैड में चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। सिंचाई विभाग की योजनाओं के अंतर्गत ग्राम थकलाड-बमराड़ी में शिवमंदिर के पास घाट निर्माण, द्यांगण नहर का जीर्णोद्धार, खोली स्थित गोपेश्वर मंदिर के समीप नदी किनारे सुरक्षात्मक कार्य, दैवी आपदा योजना के तहत मन्यूड़ा नहर मरम्मत, पंचगड़ी गधेरे में आवासीय भवनों की सुरक्षा कार्य तथा बैजनाथ में कालिका मंदिर के समीप सुरक्षा दीवार निर्माण का निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रगतिरत कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई, प्रभारी अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग, सहायक अभियंता लघु सिंचाई सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।








