logo

बागेश्वर में 22 दिन की नवजात की संदिग्ध हत्या, मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

बागेश्वर।
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बैजनाथ थाना क्षेत्र के जैसर गांव में 22 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गर्दन पर चोट और गला दबाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने बच्ची की मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना 10 फरवरी की रात की बताई जा रही है। जैसर गांव निवासी केशर सिंह कोरंगा के परिजन अपनी 22 दिन की मासूम बच्ची को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों को बच्ची की मौत संदिग्ध लगी और गले पर निशान पाए जाने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
प्रारंभ में मामला संदिग्ध मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी। रिपोर्ट के अनुसार, मौत की वजह गर्दन पर गंभीर चोट थी, जो गला दबाने या गर्दन मरोड़ने से हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी।
नवजात के दादा केशर सिंह कोरंगा ने अपनी बहू दीपा देवी के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए थे, तब घर पर अकेली मौजूद मां ने कथित रूप से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी बताया कि बहू और सास-ससुर के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और इस संबंध में पूर्व में पुलिस हेल्पलाइन पर काउंसलिंग भी कराई गई थी।
बताया जा रहा है कि महिला का विवाह प्रेम विवाह था और उसका पति विदेश में निजी नौकरी करता है। पति के बाहर रहने के दौरान घर में विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
वहीं, महिला ने भी सास-ससुर पर उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं और मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचने की तैयारी में हैं। महिला की ओर से भी क्रॉस एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की सूचना है।
वही पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि दादा की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में घटना को लेकर सनसनी का माहौल है और पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच में जुटी है।

Share on whatsapp