बागेश्वर। सेवा पखवाड़ा एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, दोफाड़ में “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत एक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में किशोरियों को शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक और मानसिक परिवर्तनों, पोषण, मासिक धर्म से संबंधित समस्याओं, मासिक धर्म स्वच्छता अपनाने, गुड टच–बैड टच, किशोरावस्था की मनोवैज्ञानिक चुनौतियों तथा स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की। साथ ही किशोरियों को इस उम्र में संभावित बीमारियों से बचाव के उपाय और संतुलित आहार की भूमिका के बारे में भी अवगत कराया गया।
चर्चा सत्र के उपरांत बालिकाओं ने खुलकर अपने प्रश्न पूछे जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया। शिविर से विद्यालय की कुल 43 छात्राएँ लाभान्वित हुईं।
कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर के दिशा-निर्देशन में किया गया। इसमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौरा, बागेश्वर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजल पटेल, फार्मेसी अधिकारी श्रीमती नीलम खत्री, योग अनुदेशक श्री बालकृष्ण तथा योग अनुदेशक कु. प्रीति फर्स्वाण ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रंजना चौहान ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशेषज्ञों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर न केवल छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करते हैं, बल्कि उन्हें आत्मविश्वासी और जागरूक नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं।








