बागेश्वर। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। सोमवार को जिलाध्यक्ष आदर्श कठायत की अध्यक्षता में आयोजित जिला मासिक बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों बागेश्वर और कपकोट में भव्य ‘युवा खेल महोत्सव’ और ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को संगठन से जोड़ने और उनकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
संगठनात्मक मजबूती के लिए बैठक में ‘एक बूथ, 20 यूथ’ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 20 सक्रिय युवाओं की टीम तैयार की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं की दक्षता बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी शक्ति केंद्रों में प्रभारियों और वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द पूरी की जाएगी, ताकि संगठन की गतिविधियों को और गति मिल सके।
इस अवसर पर कुमाऊं संयोजक दीपक गस्याल, जिला महामंत्री डॉ. हरीश मेहरा, नितिन जोशी, जिला मीडिया प्रभारी अंकित नगरकोटी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने आगामी अभियानों को सफल बनाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया।








