logo

नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई,40 बकायेदारों पर आरआरसी जारी, 4.60 लाख रुपये की होगी वसूली

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर पालिका परिषद बागेश्वर ने भवन कर बकायेदारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 बड़े बकायेदारों पर राजस्व वसूली प्रमाण पत्र (आरआरसी) जारी कर दी है। पालिका प्रशासन द्वारा की गई इस कार्रवाई के तहत कुल 4 लाख 60 हजार 273 रुपये की वसूली की जानी है। इनमें 25 निजी भवन स्वामियों के साथ-साथ 15 सरकारी विभाग एवं कार्यालय भी शामिल हैं।
पालिका से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक लापरवाही सरकारी विभागों की ओर से सामने आई है। विभिन्न सरकारी कार्यालयों पर कुल 3 लाख 82 हजार 411 रुपये का भवन कर बकाया है, जबकि 25 निजी भवन स्वामियों से 77 हजार 862 रुपये की वसूली की जानी है।
नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि सभी बकायेदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कर जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए आरआरसी की कार्रवाई शुरू की है।
नगर पालिका परिषद बागेश्वर के अधिशासी अधिकारी विनोद सिंह जीना ने कहा कि नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समय पर कर वसूली बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि करदाताओं को पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद भुगतान न होने पर यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने सभी संबंधित निजी भवन स्वामियों और सरकारी विभागों से बिना देरी किए बकाया राशि पालिका कोष में जमा कराने की अपील की है। चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर नियमानुसार कुर्की समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर अदायगी में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी स्तर पर राहत नहीं दी जाएगी, चाहे वह निजी व्यक्ति हो या कोई सरकारी विभाग। इस कार्रवाई के बाद अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Share on whatsapp