logo

भटखोला प्रधानाचार्य हत्याकांड,झिरौली के थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, मामले की जांच सीओ कपकोट को सौंपी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य की हत्या के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झिरौली थानाध्यक्ष मनवर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। वहीं, मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) कपकोट मनीष शर्मा को सौंपी गई है। साथ ही मनोहर चंद्र को झिरौली थाने की नई जिम्मेदारी दी गई है।
उधर, इस सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी लिपिक नवल किशोर के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ शिक्षा विभाग ने भी विभागीय जांच शुरू कर दी है। एक शिक्षक की सूचना के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को भेज दी है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी निदेशालय को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही आरोपी कर्मचारी के निलंबन की संस्तुति भी की गई है। अब विभागीय आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के बाद जिले में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने आरोपी कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त करने तथा सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। विभागीय जांच रिपोर्ट पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Share on whatsapp