logo

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत प्रतिनिधियों का आधारभूत पांच दिवसीय प्रशिक्षण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : पंचायती राज विभाग के राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत प्रतिनिधियों का आधारभूत पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। जिले की 16 न्याय पंचायतों में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त रूप से समझाना तथा ग्रामीण विकास में उनकी भूमिका को प्रभावी बनाना है। विकास खंड सभागार में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में पर्वतीय जनजागरण समिति के अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को पंचायती राज व्यवस्था, उनके अधिकार एवं कर्तव्य, विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन, अभिलेखों का संधारण तथा ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। पंचायती राज विभाग के मुख्य प्रशिक्षक नंदा बल्लभ भट्ट, बीना वर्मा, प्रशांत पांडेय, महेश पांडे ने प्रतिभागियों को पंचायत शासन व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों में विकास की आवश्यकता, योजनाओं की पारदर्शी क्रियान्वयन प्रक्रिया, वित्तीय अनुशासन, अभिलेख प्रबंधन तथा एक जिम्मेदार पंचायत प्रतिनिधि की भूमिका तथा उत्तरदायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला होती हैं। सशक्त पंचायतें ही आत्मनिर्भर एवं विकसित गांवों का निर्माण कर सकती हैं। प्रशिक्षण सत्रों में पारदर्शिता, सामुदायिक सहभागिता, जनभागीदारी, ई-गवर्नेंस, राजस्व संग्रहण एवं वित्तीय अनुशासन जैसे विषयों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर पंचायती राज अधिकारी सुंदर लाल, एडीओ पंचायत , ग्राम पंचायत विकास अधिकारी सहित सभी ग्रामों के ग्राम प्रधान आदि उपस्थित थे।

Share on whatsapp