बागेश्वर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बैजनाथ पुलिस ने वैध शराब परिवहन पास की आड़ में की जा रही शराब तस्करी का खुलासा करते हुए 103 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 8 लाख 77 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अजय शाह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान बैजनाथ पुलिस ने डंगोली-ग्वालदम मार्ग पर बुधवार तड़के करीब 1:45 बजे पिकअप वाहन संख्या UK03CA-2114 को जांच के लिए रोका।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह चम्पावत स्थित एफएल-2 गोदाम से 150 पेटी मैकडॉवेल्स व्हिस्की लेकर आया था, जिन्हें कंधार स्थित शराब की दुकान में पहुंचाया जाना था। उसने 47 पेटियों की सप्लाई रास्ते में ही कर दी थी और शेष 103 पेटियों को अन्यत्र उतारने की तैयारी में था।
जब पुलिस ने शराब परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे तो चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी लेकर 103 पेटियों में 1,236 बोतल मैकडॉवेल्स व्हिस्की बरामद की और वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस ने आरोपी सुभाष कुमार (25 वर्ष), पुत्र लीला राम, निवासी ललुवापानी, थाना एवं जिला चम्पावत को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली बैजनाथ में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के अन्य नेटवर्क और संभावित तस्करी गिरोह से जुड़े लोगों की भी जांच कर रही है।








