बागेश्वर। बीएड विभाग के छात्र–छात्राओं ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत देवकी लघु वाटिका का भ्रमण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के महत्व से रूबरू कराया गया। भ्रमण के दौरान प्रसिद्ध “वृक्ष पुरुष” किशन सिंह मलडा ने छात्र–छात्राओं को विभिन्न प्रजातियों के पौधों, औषधीय वृक्षों और फलदार पौधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
किशन सिंह मलडा ने पौधों के पर्यावरणीय, औषधीय और दैनिक जीवन में उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार वृक्ष मानव जीवन के लिए प्राणवायु, जल संरक्षण और संतुलित पर्यावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीएड विभाग के विभागाध्यक्ष पंकज दुबे ने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा में पढ़ाई जाने वाली सैद्धांतिक जानकारी को जब प्रकृति के बीच प्रत्यक्ष रूप से समझा जाता है, तो उसका प्रभाव अधिक गहरा और स्थायी होता है। ऐसे भ्रमण छात्रों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं।
भ्रमण के दौरान छात्र–छात्राओं ने पौधों से जुड़ी जानकारियों को उत्साहपूर्वक सुना और प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक यात्रा को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र–छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और भविष्य में पौधारोपण एवं हरित अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।








