logo

विज्ञान संगोष्ठी में अवनी प्रियदर्शनी ने मारी बाजी, दक्शीष उपाध्याय दूसरे स्थान पर

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज में विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उत्तराखंड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, देहरादून के तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में विकासखंड के 20 विद्यालयों से पहुंचे बाल वैज्ञानिकों ने प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की संभावनाओं, भविष्य की जरूरतों और सामने आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से रखे।
प्रतियोगिता में कन्ट्रीवाइड पब्लिक स्कूल मंडलसेरा की कक्षा आठ की छात्रा अवनी प्रियदर्शनी लोहुमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आनंद एकेडमी बागेश्वर के कक्षा नौ के छात्र दक्शीष उपाध्याय ने द्वितीय तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनरसा की कक्षा 10 की छात्रा ज्योति मेहता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का संचालन संगम शाह ने किया। इस दौरान श्वेता जोशी, नीरज जोशी, पूजा लोहुमी, कविता हरकोटिया, मीनू चोनियाल सहित विभिन्न विद्यालयों के मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और वर्ष 2047 तक भारत के ऊर्जा भविष्य को लेकर विचार करने का अवसर मिला।

Share on whatsapp