भोजन बनाते समय प्रेशर कूकर फटा, दो महिलाएं घायल
बागेश्वर जनपद के इंटर कॉलेज वज्यूला में समर कैंप के दौरान भोजन बनाते समय बड़ा हादसा हो गया। बच्चों के लिए खाना बनाते समय प्रेशर कूकर का सेफ्टी वॉल्व अचानक फट गया, जिससे दो भोजन माताएं झुलस गईं।
घटना में झुलसी महिलाओं की पहचान हंसी देवी (40 वर्ष), निवासी वज्यूला, और जानकी देवी (38 वर्ष), निवासी नौगांव के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद विद्यालय में मौजूद शिक्षक प्रकाश भट्ट और हरीश फर्स्वाण ने 108 आपातकालीन सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायल महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर स्नेहा की देखरेख में प्राथमिक उपचार चल रहा है। डॉक्टर के अनुसार दोनों की स्थिति स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
सूचना मिलते ही तहसीलदार निशा रानी, राजस्व उपनिरीक्षक रेनू भंडारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने घायल महिलाओं से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि विद्यालय में इन दिनों समर कैंप चल रहा है, जिसमें बच्चों की उपस्थिति के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। हादसे के बाद विद्यालय प्रशासन को भी भोजन सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है।
