पौड़ी। कोटद्वार क्षेत्र के विकासखंड जयहरीखाल अंतर्गत ग्राम पंचायत बरस्वार में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जंगल से आए एक गुलदार ने घर के आंगन में खेल रही डेढ़ वर्षीय बच्ची को माता-पिता की आंखों के सामने उठा लिया और जंगल की ओर ले गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बरस्वार निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल की पोती याशिका (पुत्री जितेंद्र) शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अपने माता-पिता के साथ घर के आंगन में मौजूद थी। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकलकर आए गुलदार ने बच्ची पर झपट्टा मारा और उसे उठाकर जंगल की ओर भाग गया।
घटना होते ही माता-पिता की चीख-पुकार से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और जंगल की ओर बच्ची की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में देर रात तक खोज अभियान चलाया।
करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग नौ बजे बच्ची का शव घटनास्थल से काफी दूरी पर बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र लैंसडौन वन प्रभाग के अंतर्गत पालकोट जंगल से सटा हुआ है, जहां पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले भी आसपास के इलाकों में गुलदार के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अधिकारियों ने क्षेत्र में पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शाम के समय बच्चे और बुजुर्ग घर से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की अपील की है।








