बागेश्वर :भारतीय रेडक्रास समिति ने नगर को सुंदर बनाने का लक्ष्य रखा है। उत्तरायणी से पहले स्वच्छता अभियान की शुरूआत गाड़गांव पुलिस से की है। चेयरमैन इंद्र सिंह फरर्स्वाण के नेतृत्व में स्वयंसेवियों ने अपना योगदान दिया। स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सड़क किनारों, नदी-नालों, झाड़ियों व सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। चेयरमैन फर्स्वाण ने कहा कि समिति हमेशा शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने में योगदान देती रही है। यदि सभी संस्थाएं तथा विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता अभियान चलाएं तो बागेश्वर को देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर शहरों की श्रेणी में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तरायणी पर्व पर बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं, इसलिए इस समय शहर का साफ-सुथरा तथा व्यवस्थित होना बेहद महत्वपूर्ण है। कहा कि उत्तरायणी पर्व के दौरान रेडक्रास समिति प्रशासन तथा अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर स्वच्छता, जागरूकता तथा सेवा कार्यों में सहयोग देगी। सोसायटी के सचिव आलोक पांडे ने बताया कि अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर प्रेरित करना भी इसका मुख्य लक्ष्य है। इस अवसर पर आरपी. कांडपाल, वेद प्रकाश पांडे, कन्हैया वर्मा, मोहिउद्दीन, अहमद तिवारी, हिमांशु जोशी, संजय कुमार, मनोज पाठक, सुनीता टम्टा, सरिता पपोला, भावना रावत, कविता आदि उपस्थित थे।








