logo

आरसेटी में फास्ट फूड प्रशिक्षण से युवाओं को मिल रही स्वरोजगार की राह,27 युवाओ को दिया जा रहा है प्रशिक्षण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान बागेश्वर में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लघु उद्योग फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 27 युवक-युवतियां भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी दी जा रही है। संस्थान के निदेशक सुखविंदर कादियान ने बताया कि यह प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षणार्थी पूरी लगन और मेहनत के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं तथा कई प्रतिभागी प्रशिक्षण के बाद अपना स्वयं का स्वरोजगार शुरू करने की इच्छा जता रहे हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है। मास्टर ट्रेनर सरिता राणा द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को फास्ट फूड बनाने की विभिन्न विधियों और उसकी बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे भविष्य में इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित कर सकें। वही प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि यह प्रशिक्षण उनके लिए काफी लाभदायक साबित हो रहा है। प्रशिक्षण से उन्हें फास्ट फूड व्यवसाय की तकनीकी जानकारी के साथ स्वरोजगार शुरू करने का आत्मविश्वास भी मिल रहा है। उनका मानना है कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद वे अपने क्षेत्र में स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगे। आरसेटी द्वारा संचालित इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को कौशल विकास से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान फैकल्टी प्रमोद पांडे, चंदन भाकुनी, केदार कोरंगा आदि मौजूद रहे।

Share on whatsapp