बागेश्वर।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नदीगांव सैम मंदिर वार्ड में गुरुवार को एक हृदय विदारक हादसा हो गया। एक निजी मकान की दीवारों पर रंगाई-पुताई का कार्य कर रहे मजदूर की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतिहारी (बिहार) निवासी धामू यादव (33 वर्ष) पुत्र जयलाल यादव नदी गांव में एक आवास में पेंटिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसका शरीर पास से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथी मजदूरों की सहायता से उसे जिला अस्पताल बागेश्वर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
मजदूर की मौत की सूचना मिलते ही उसके साथियों और परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे परिवार छोड़ गया है, जिसकी आजीविका उसी पर निर्भर थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि हो सकेगी।
हादसे की सूचना पर वार्ड सभासद बबलू मटियानी जिला अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही पोस्टमार्टम के उपरांत शव को पैतृक गांव बिहार भेजने की व्यवस्था किए जाने की बात भी कही।








