काफलीगैर। तहसील क्षेत्र की खरही पट्टी और पालड़ीछीना क्षेत्र के गांवों में इन दिनों पेयजल संकट गहरा गया है। बिलौना स्थित सरयू नदी से संचालित सरयू ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना की मेन पाइप लाइन टूटने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। इससे करीब 55 गांवों की 10 हजार से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। शुक्रवार को भी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति बहाल होने के आसार नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार बिलौना से संचालित इस पेयजल योजना से पौड़ीधार, खांकर, भनारतोली, दाणोंछीना, कठपुड़ियाछीना, चौगांवछीना, पालड़ीछीना, देवलधार समेत कई गांवों को पेयजल आपूर्ति की जाती है। इन दिनों बागेश्वर-ताकुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। सड़क कटान के दौरान गिर रहे मलबे से कई स्थानों पर पेयजल पाइप लाइन को नुकसान पहुंच रहा है।
बताया गया कि रैखोली के समीप गुरुवार को योजना की मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते पूरे क्षेत्र की जलापूर्ति ठप हो गई। पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को प्राकृतिक जल स्रोतों और हैंडपंपों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
जल संस्थान के सहायक अभियंता वी.के. रवि ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर पाइप लाइन मिट्टी में दबने से क्षतिग्रस्त हुई है। मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, जो शुक्रवार तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 5 जून तक पेयजल आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है।








