“
कपकोट। नगर पंचायत कपकोट के वार्ड संख्या चार कन्यूटी और मिछात के ग्रामीणों का वर्षों की उपेक्षा के खिलाफ आक्रोश आखिरकार फूट पड़ा। सड़क सुविधा समेत बुनियादी विकास कार्यों से वंचित ग्रामीणों ने गुरुवार को तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अनिल कुमार चन्याल का घेराव किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब 15 वर्षों से नगर पंचायत में शामिल होने के बावजूद क्षेत्र आज तक सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है, जबकि निकाय प्रशासन नियमित रूप से टैक्स वसूल रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कई बार लिखित व मौखिक शिकायतें करने के बावजूद विकास कार्य केवल फाइलों तक सीमित रह गए हैं।
स्थानीय निवासी सुनीता जोशी ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निकाय प्रशासन केवल भवन कर और अन्य टैक्स वसूली में रुचि दिखा रहा है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवार जब परिवार रजिस्टर की नकल लेने कार्यालय पहुंचते हैं तो पहले टैक्स जमा करने का दबाव बनाया जाता है और असमर्थता जताने पर दस्तावेज देने से इनकार कर दिया जाता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र को विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिलना है तो उनके इलाके को नगर पंचायत से बाहर किया जाए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अनिल कुमार चन्याल ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को तलब कर समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
इस दौरान केवलानंद मिश्रा, कृष्णानंद जोशी, सुरेश जोशी, मुनी जोशी, सुनीता, गीता जोशी, दिनेश जोशी और मनोज जोशी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।








