logo

भंडारी गोलू मंदिर में परंपरागत पशुबलि की अनुमति की मांग, ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन,हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था बनाने और वैध पशुबधशाला निर्माण की उठाई मांग

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कांडा तहसील के भंडारी गोलू मंदिर, ठनीलासेरा में परंपरागत पशुबलि की अनुमति तथा मंदिर परिसर में वैध पशुबधशाला के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजते हुए हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक अनुमति प्रदान करने की मांग की।
ग्राम प्रधान प्रमोद सिंह के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि नागर माजिला, कनारखेत तोक, मंतोली, ठनीलासेरा, गहतोड़ी सहित आसपास के कई गांवों की लोगों की भंडारी गोलू मंदिर में गहरी धार्मिक आस्था है। उन्होंने बताया कि पूर्वजों के समय से मंदिर में पशुबलि की परंपरा चली आ रही थी, लेकिन हाईकोर्ट के आदेशों के बाद यह परंपरा बंद हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि वे न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण सम्मान करते हुए विधिसम्मत तरीके से अपनी धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना चाहते हैं। इसके लिए मंदिर परिसर में वैध पशुबधशाला का निर्माण कराया जाए तथा नियमानुसार पशुबलि की अनुमति दी जाए, ताकि धार्मिक परंपरा और कानून—दोनों का पालन सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस विषय में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी धार्मिक आस्था का सम्मान होगा और परंपराओं का पालन भी कानूनी दायरे में रहकर किया जा सकेगा। प्रदर्शन और ज्ञापन कार्यक्रम में नंदन सिंह, बचे सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश सिंह, किशन भंडारी, बिशन सिंह, सोहन सिंह, प्रयाग सिंह, गोकुल सिंह, चंचल सिंह, कुंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

भंडारी गोलू मंदिर में परंपरागत पशुबलि की अनुमति की मांग, ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन,हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था बनाने और वैध पशुबधशाला निर्माण की उठाई मांग

भंडारी गोलू मंदिर में परंपरागत पशुबलि की अनुमति की मांग, ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन,हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्था बनाने और वैध पशुबधशाला निर्माण की उठाई मांग

Share on whatsapp