logo

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग पर विहिप का प्रदर्शन

खबर शेयर करें -

कलेक्ट्रेट में नारेबाजी कर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम भेजा ज्ञापन, बागेश्वर से एक लाख हस्ताक्षर जुटाने का दावा

बागेश्वर, संवाददाता। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया तथा मांग पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए विहिप के शेर सिंह मलड़ा ने कहा कि गौ संरक्षण और गौ सम्मान भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का अभिन्न अंग है। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से देशभर में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को 40 करोड़ हस्ताक्षरों वाला प्रार्थना पत्र सौंपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वक्ताओं ने बताया कि अभियान के अंतर्गत बागेश्वर जिले से अब तक एक लाख लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने तक संगठन का जनजागरण अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने सरकार से गौ संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया। प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Share on whatsapp