कपकोट के गोगीना गांव में बर्थी गधेरे में नहाते समय चार किशोर डूब गए हैं। जिला प्रशासन ने खबर लिखे जाने तक तीन शव निकाल लिए हैं। एक शव को खोजा जा रहा है। मृतकों का पोस्टमार्टम घटना स्थल पर कराने की मांग है। गांव के चार बच्चे डूबने से गांव में कोहराम मच गया है।
कपकोट तहसील के गोगिना गांव में सोमवार की सुबह हृदय विदारक घटना हुई। घरों से नाश्ता करने के बाद चार किशोर नहाने के लिए स्थानीय बर्थी गधेरे की तरफ चले गए। जिसमें तीन बच्चे हल्द्वानी में पढ़ते हैं। वह अवकाश पर इसबीच घर आए थे। जबकि एक अन्य स्थानीय बच्चे भी उनके साथ नहाने चले गए। गधेरे में बने तालाब में चारों डूब गए। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तीन किशोरों को पानी से बाहर निकाल लिया है। एक किशोर को प्रशासन की टीम खोज रही है। इधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि अभिषेक सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह रौतेला,17 वर्ष, अजय सिंह पुत्र नारायण सिंह रौतेला, 16 वर्ष, सुरेश सिंह उर्फ पंकज पुत्र दुर्गा सिंह, 13 वर्ष का शव निकाल लिया गया है। जबकि विक्रम सिंह पुत्र नारायण सिंह, 14 वर्ष का शव नहीं मिला है।
राजस्व पुलिस, एसडीआरएफ, मास्टर ट्रेनर की टीम घटना स्थल रवाना कर दी है।






