हल्द्वानी।
हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में मंगलवार रात एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में 55 वर्षीय महिला और उनके दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार गौलापार के मानपुर पश्चिम गांव निवासी सरस्वती देवी (55) ने अपने घर में पानी की टंकी का निर्माण कराया था। मंगलवार को टंकी के लेंटर की शटरिंग खोलने के लिए उनका बड़ा बेटा टंकी के भीतर उतरा। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
बेटे को बेहोश देख सरस्वती देवी उसे बचाने के लिए टंकी में उतरीं, लेकिन जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण वह भी बेहोश हो गईं। इसके बाद बड़े भाई और मां को बचाने के लिए छोटा बेटा भी टंकी में गया, लेकिन वह भी बाहर नहीं निकल सका।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को बाहर निकालकर तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण टंकी के भीतर दम घुटना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








