बागनाथ मंदिर परिसर में रविवार को नगर व्यापार मंडल के वर्तमान व पूर्व नगर अध्यक्षों के बीच लंबे समय से चल रही खींचतान खुलकर सामने आ गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा मांगे आय-व्यय को लेकर जमकर बहस और तकरार हुई। इसमें पूर्व नगर अध्यक्ष ने दो दिन का वक्त मांगा है, जबकि वर्तमान अध्यक्ष ने हिसाब देने से मना कर दिया है। जिला कार्यकारिणी वस्तुस्थिति से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराएगा। मालूम हो कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत डसीला ने नगर व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष पर उत्तरायणी के दौरान अस्थायी व्यापारियों से अवैध वसूली का आरोप लगाया था। साथ ही मामले की जांच की मांग भी की थी, जबकि वर्तमान नगर अध्यक्ष कवि जोशी ने पूर्व अध्यक्ष हरीश सोनी से अपने कार्यकाल का हिसाब नहीं देने का आरोप लगाया था।
विवाद गहराता देख प्रदेश अध्यक्ष नवीव वर्मा ने जिला कार्यकारिणी को निर्देश दिया कि दोनों ही कार्यकारिणी से आय-व्यय का हिसाब लिया जाए। इसी को लेकर रविवार को बैठक हुई। इसमें नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष जोशी ने कार्यकाल पूरा होने से पहले आय-व्यय का ब्यौरा मांगने को असंवैधानिक और परंपरा के विरुद्ध बताया। उन्होंने कहा कि वह हिसाब देने को तैयार हैं, लेकिन कार्यकाल के बीच इस प्रकार का हस्तक्षेप पहली बार हो रहा है, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि पूरा हिसाब तैयार कर लिया गया है और जिला महामंत्री अनिल कार्की को सौंप दिया गया है। बैठक में बना तनावपूर्ण माहौल बैठक के दौरान नगर और जिला कार्यकारिणी के बीच तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। कुछ क्षणों के लिए कहासुनी इस कदर बढ़ गई कि बैठक में अव्यवस्था की स्थिति बन गई। कई व्यापारियों ने भी संगठन के भीतर पारदर्शिता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्य नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से भी अपेक्षा की कि वे सभी पक्षों को सुनकर निष्पक्ष निर्णय लें। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन की एकता बनाए रखने पर जोर दिया।
वही कवि जोशी, नगर अध्यक्ष बागेश्वर ने बताया कि नगर कार्यकारिणी अभी भंग नहीं हुई है। उत्तरायणी मेला 2022 व 23 में अस्थायी व्यापारियों से ली गई राशि का हिसाब पहले ही दे चुके हैं। बैठक में इसकी जानकारी दी गई है। पूर्व अध्यक्ष ने कोई हिसाब नहीं दिया है। –
वही हरीश सोनी ने बताया कि रविवार को हुई बैठक में जिला कार्यकारिणी को आय-व्यय का हिसाब की जानकारी दी है दो दिन में पूरा हिसाब दे दिया जाएगा। जबकि नई कार्यकारिणी ने हिसाब नहीं दिया है। उनपर जो आरोप लगाए गए थे वह बेबुनियाद हैं।
वही अनिल कार्की, जिला महामंत्री, जिला उद्योग व्यापार मंडल बागेश्वर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर जिला कार्यकारिणी ने वर्तमान नगर अध्यक्ष व पूर्व नगर अध्यक्ष से आय-व्यय का हिसाब लेने के लिए बैठक की थी। पूर्व अध्यक्ष सोनी ने तीन दिन का समय लिया है, जबकि वर्तमान अध्यक्ष कवि जोशी ने हिसाब देने से मना कर दिया है। बस्तुस्थिति से प्रदेश अध्यक्ष को जल्द अवगत करा दिया जाएगा। इस दौरान नवीन लाल साह, मनीष जख़वाल, पुष्कर किरमोलिया, जगदीश कार्की, दीपक जोशी, तानु जोशी, तारादत्त तिवारी, दयाल पांडे, उमेश साह,जगदीश रावल, विपिन साह, किशन विश्वकर्मा, प्रकाश जोशी आदि मौजूद है।






