logo

पिंडारी ट्रैक से लौटते समय गुजरात का पर्यटक गायब, एसडीआरएफ और पुलिस तलाश में जुटी

खबर शेयर करें -

कपकोट, : कपकोट थाना पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत पिंडारी ग्लेशियर से लौट रहा एक पर्यटक मलियाधार के पास से अचानक गुम हो गया है। गाइड ने उसे कई जगह खोजा, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। इसके बाद उसने इसकी सूचना पुलिस व वन विभाग को दी। सूचना के बाद एसडीआरएफ, वन विभाग व पुलिस की टीम खोजबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से सहारनपुर निवासी अभिषेक चौहान (35) पुत्र रघुनाथ चौहान वर्तमान में गुजरात में रहता है। 28 मई को वह गाइड आनंद राम के साथ खाती से द्वाली की तरफ गया था। 29 मई को वापस लौटते समय मलियाधार में वह रुका और गाइड को आगे भेज दिया। काफी देर तक उसके नहीं पहुंचने पर गाइड ने वापस जाकर खोजबीन की, लेकिन पर्यटक का पता नहीं चल सका। रात को खाती आने के बाद उसने रेंजर डौली डोभाल को सूचना दी। रेंजर से मिली सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर जाकर खोजबीन शुरू कर दी है। उसका कहीं पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों की भी खोजबीन में मदद ली जा रही है। थानाध्यक्ष प्रताप नगरकोटी ने बताया कि 112 के माध्यम से पुलिस को पर्यटक के गायब होने की सूचना मिली है। उसके परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी है। खोजबीन जारी है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  विश्व जनसंख्या दिवस पर कौसानी में विधिक जागरूकता शिविर, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी
Ad
Share on whatsapp