logo

डाइट बागेश्वर में गणित शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : डाइट बागेश्वर द्वारा भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान पुणे के सहयोग से संचालित गणित शिक्षकों के RISE कार्यक्रम के अंतर्गत विज्ञान आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आज विधिवत शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का आयोजन डाइट बागेश्वर के समन्वय में किया जा रहा है, जिसमें जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए गणित के 60 शिक्षक- शिक्षिकाएँ सक्रिय रूप से प्रतिभाग कर रहे हैं। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ डाइट प्राचार्य ने किया । कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागी शिक्षकों को गणित में प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, समस्या समाधान एवं आलोचनात्मक चिंतन का विकास, डिजिटल उपकरणों एवं शैक्षिक तकनीक का उपयोग, गणित और विज्ञान के आपसी संबंध तथा कक्षा-कक्ष में नवाचार लागू करने की रणनीतियों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान समूह गतिविधियाँ, प्रायोगिक अभ्यास एवं प्रस्तुतीकरण सत्र भी आयोजित किए गए, जिससे शिक्षकों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। प्रतिभागी शिक्षकों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी शिक्षण शैली में सकारात्मक परिवर्तन आएगा तथा विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि और समझ बढ़ेगी। कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए डाइट बागेश्वर के प्राचार्य मनोज कुमार पांडे ने कहा कि वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में गणित शिक्षण को नवाचारपूर्ण, तार्किक एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गतिविधि आधारित एवं प्रयोगात्मक शिक्षण से विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि तथा समझ दोनों विकसित की जा सकती हैं।IISER पुणे से आए विषय विशेषज्ञों द्वारा कार्यशाला के दौरान आधुनिक शिक्षण विधियों, गतिविधि आधारित अधिगम, गणित एवं विज्ञान के अंतर्संबंध तथा कक्षा-कक्ष में प्रभावी शिक्षण रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. भैरव दत्त पांडे ने बताया कि डाइट बागेश्वर भविष्य में भी इस प्रकार के अकादमिक एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे शिक्षकों का सतत् व्यावसायिक विकास सुनिश्चित हो सके। वही प्रशिक्षण में शामिल शिक्षको ने बताया कि समूह गतिविधियों, प्रायोगिक अभ्यास और प्रस्तुतीकरण सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे अपने शिक्षण कौशल को और अधिक प्रभावी बना सकें।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  पालड़ीछीना-जैनकरास-कंगाड़छीना मोटर मार्ग के समर्थन में उतरी कांग्रेस, आंदोलन को दिया समर्थन
Ad
Share on whatsapp