logo

कांडा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स पर औचक निरीक्षण,चार स्टोरों को नोटिस

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेशों के अनुपालन में सोमवार को नशामुक्त उत्तराखंड एवं स्प्यूरीयस दवाओं की रोकथाम अभियान के तहत औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी ने कांडा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी दुकानों में लाइसेंस की वैधता, रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की उपस्थिति तथा औषधियों के क्रय–विक्रय की स्थिति की जांच की गई। औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग, एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित रखरखाव, तथा मंह प्रभावी दवाओं के क्रय–विक्रय बिलों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि नारकोटिक औषधियाँ केवल चिकित्सकीय पर्चे पर ही बेची जाएं।निरीक्षण के दौरान चार मेडिकल स्टोरों में अनियमितताएँ पाई गईं। संबंधित स्टोर स्वामियों को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट औषधि निरीक्षक कार्यालय बागेश्वर में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अनुपालन प्रस्तुत न करने की स्थिति में लाइसेंस निलंबन की संस्तुति किए जाने की चेतावनी भी दी गई।पूजा रानी ने बताया कि औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 के तहत मेडिकल स्टोर्स को सभी शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जिले में इस प्रकार की कार्यवाही भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि नकली दवाओं की रोकथाम हो सके और नशामुक्त उत्तराखंड के लक्ष्य को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके।

Share on whatsapp