बागेश्वर/गरुड़। गरुड़ क्षेत्र के सिल्ली गांव निवासी लेफ्टिनेंट सुनील दुबे के पहली बार गृह क्षेत्र पहुंचने पर परिजनों और क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। सेना में अधिकारी बनने के बाद अपने गांव लौटे सुनील दुबे का लोगों ने गर्मजोशी के साथ अभिनंदन करते हुए उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।
बताया गया कि सुनील दुबे का चयन आर्मी मेडिकल कोर (AMC) सेंटर, लखनऊ से प्रशिक्षण के बाद लेफ्टिनेंट पद पर हुआ है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2012 में वे बतौर नर्सिंग सहायक भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। लगातार मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने पिछले वर्ष एसएसबी (सेवा चयन बोर्ड) की परीक्षा उत्तीर्ण की और सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर अब अधिकारी के रूप में नियुक्त हुए हैं।
उनके गांव पहुंचने पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। परिजनों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पिता गोकुलानंद दुबे, माता भगवती देवी, नेहा दुबे, रमेश दुबे, हिमांशु दुबे सहित जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, सभासद अंकित जोशी, सुनील पांडे, जावेद सिद्दकी, व्यापारी महेश पांडे और कैप्टन सुरेश खोलिया समेत कई लोग मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि सुनील दुबे की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।








