बागेश्वर। कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल, कठायतबाड़ा में बाल-उत्सव ‘सृजन’ का भव्य आयोजन अत्यंत उत्साह, हर्षोल्लास और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बागेश्वर विधायक पार्वती दास रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सीईओ विनय कुमार, डीईओ आसाराम चौधरी और नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल उपस्थित रहे। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा और भी बढ़ गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य अपर्णा कांडपाल एवं मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सवमय माहौल में डूबा रहा। वार्षिक सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, खेल गतिविधियाँ, विषयवार प्रदर्शनियाँ, आकर्षक खाद्य स्टॉल तथा पारंपरिक कुमाऊनी व्यंजन लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत छोलिया नृत्य से हुई, जिसने अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। प्री-प्राइमरी के बच्चों की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वागत गीत के बाद एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अपर्णा कांडपाल ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों एवं निरंतर प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम का कुशल संचालन उप-प्रधानाचार्य महेश पांडे, अंजलि सोरागी, छात्रा हिमानी कर्नाटक, छात्र सुधींद्र नारायण एवं करन कनवाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष गंगा पांडे, कोषाध्यक्ष शंकर पांडे, ईश्वर पांडे एवं उनकी माता नारायणी देवी, विद्यालय प्रबंधक नंदाबल्लभ भट्ट सहित कंट्रीवाइड समूह की सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। गणित, विज्ञान, हिंदी, चित्रकला एवं अंग्रेजी विभागों द्वारा लगाई गई विषयगत प्रदर्शनियाँ विशेष आकर्षण रहीं। विज्ञान प्रदर्शनी में रक्त, मधुमेह एवं बीपी जांच की व्यवस्था भी की गई, जिसका अभिभावकों और आगंतुकों ने लाभ उठाया।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दीप जोशी, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश सोनी, रेड क्रॉस सोसायटी चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, कठायतबाड़ा के सभासद प्रेम सिंह हरड़िया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान म्यूजिकल चेयर, लकी ड्रॉ सहित अन्य गतिविधियों में अभिभावकों व छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों पर ग्राहकों को आकर्षित करने का उत्साह देखते ही बनता था। बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को अत्यंत सफल और स्मरणीय बना दिया। कार्यक्रम की सफलता में मोहन सिंह कुंवर, प्रकाश सिंह धपोला सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।








