बागेश्वर। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत शुक्रवार को बागेश्वर विकासखंड में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन डिग्री कालेज मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में बागेश्वर ब्लॉक की 16 न्याय पंचायतों से 132 से अधिक बाल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ब्रॉड जंप, 600 मीटर दौड़, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, बेंड एंड रीच तथा मेडिसिन बॉल थ्रो जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना रहा।
प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी किरन नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाता है। योजना के तहत चयनित खिलाड़ियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें खेल सामग्री, प्रशिक्षण और बेहतर पोषण प्राप्त करने में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वही प्रतियोगिता में शामिल छात्रों ने बताया कि योजना से मिलने वाली छात्रवृत्ति के माध्यम से उन्हें खेल किट,आवश्यक खेल सामग्री और बेहतर डाइट की सुविधा मिल रही है, जिससे उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने इस योजना को खिलाड़ियों के लिए बेहद लाभकारी बताया। इस दौरान जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी,गणेश धपोला, कमलदीप मटियानी,गजेंद्र परिहार,महेंद्र परिहार,कविता खेतवाल सहित खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रशिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।








