अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, एसपी जितेंद्र मेहरा ने ली मासिक अपराध समीक्षा बैठक
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने शुक्रवार को थाना कांडा में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने, लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक से पूर्व एसपी ने थाना दिवस एवं सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) की गोष्ठी में नगर के संभ्रांत नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों, ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडल और टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए।
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने सभी विवेचकों को लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही ई-साक्ष्य पोर्टल पर SID बनाकर एफआईआर से लिंक करने के निर्देश भी जारी किए।
उन्होंने बीट अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर जनता से संवाद बनाए रखने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने तथा बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने, साइबर ठगी से बचाव के लिए अधिक से अधिक गोष्ठियां आयोजित करने तथा एमआरएम और जीआरएम पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, सक्रिय अपराधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर उनके खिलाफ गैंगस्टर, गुंडा और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा शाखा प्रभारी मौजूद रहे।








