बागेश्वर। जनपद बागेश्वर की उभरती हुई ताइक्वांडो खिलाड़ी स्नेहा धामी ने 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी खेल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। जम्मू–कश्मीर में 16 से 19 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से विभिन्न राज्यों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शामिल हुए थे। कड़े मुकाबलों के बीच स्नेहा ने उत्कृष्ट तकनीक, संतुलन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। स्नेहा बागेश्वर ताइक्वांडो अकैडमी मंडलसेरा की प्रतिभाशाली प्रशिक्षु हैं। प्रतियोगिता के लिए गई टीम के साथ ललित नेगी और गोकुल खेतवाल कोच के रूप में मौजूद थे। दोनों प्रशिक्षकों ने स्नेहा को राष्ट्रीय स्तर की तैयारियों में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया था। उनकी मेहनत और तकनीकी मार्गदर्शन का परिणाम स्नेहा के उत्कृष्ट प्रदर्शन के रूप में सामने आया। प्रतियोगिता के दौरान स्नेहा ने लगातार शानदार मुकाबले खेले और फाइनल में शानदार जीत दर्ज करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्नेहा की जीत से उनके माता-पिता, गुरुजनों में खुशी का माहौल है। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने स्नेहा को बधाई देते हुए कहा कि जनपद की यह बेटी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है, जो विद्यालयी खेलों के स्तर को भी ऊँचा उठा रहा है। वहीं जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने स्नेहा को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जनपद के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।








