logo

बारिश और भूस्खलन से छह ग्रामीण सड़कें बंद, कई गांवों का संपर्क प्रभावित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार जिले में छह ग्रामीण मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हैं। सड़कों पर मलबा और बोल्डर आने के साथ ही कई स्थानों पर सड़क वॉशआउट होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हालांकि राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख मार्ग फिलहाल सुचारू बताए गए हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार रीमा-लखनी से लोहारी सिल्सी मोटर मार्ग के किमी पांच में स्थानीय गधेरे का जलस्तर बढ़ने से सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। यहां आवाजाही बहाल करने के लिए अस्थायी वेंटेड कॉजवे बनाने की योजना है।
वहीं कपकोट-पिंडारी ग्लेशियर मोटर मार्ग के किमी 11 से काफलीमेड़ा के बीच भारी मलबा और बोल्डर आने से मार्ग बंद है। मार्ग की संवेदनशील स्थिति को देखते हुए इसे मानसून अवधि के बाद ही यातायात के लिए खोलने की संभावना है।
पालडीछीना-जैनकरास मोटर मार्ग के किमी छह में अतिवृष्टि के कारण यातायात बाधित है। विभाग ने इस मार्ग को 10 सितंबर तक खोलने का लक्ष्य रखा है।
इसके अलावा बढ़ियाकोट-बोरबलडा, बछर और बाछम-खाती मोटर मार्ग भी मलबा आने और सड़क वॉशआउट होने के कारण बंद हैं। इन मार्गों को 7 सितंबर तक खोलने के लिए मशीनों और कर्मचारियों को मौके पर लगाया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बंद मार्गों पर जेसीबी और आपदा टीमों को तैनात कर मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बंद सड़कों को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार बारिश के बीच पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Share on whatsapp