बागेश्वर। काफलीगैर पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में पुलिस की काउंसिलिंग का सकारात्मक असर देखने को मिला। गुरुवार को स्कूल में करीब 70 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। छह दिन बाद विद्यालय में प्रार्थना सभा आयोजित हुई और सभी कक्षाओं में नियमित पढ़ाई शुरू हो गई। पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की बात कही।
गौरतलब है कि शनिवार को इसी विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद विद्यालय बंद कर दिया गया था। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार और मंगलवार को मौसम विभाग की चेतावनी के चलते जिले के सभी स्कूल बंद रहे। बुधवार को विद्यालय खुला, लेकिन छात्रों की उपस्थिति बेहद कम रहने के कारण छुट्टी करनी पड़ी थी।
गुरुवार को झिरौली थाना पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों और अभिभावकों से संवाद किया तथा सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। इसके बाद छात्रों की उपस्थिति बढ़कर लगभग 70 प्रतिशत पहुंच गई। विद्यालय में प्रार्थना सभा के बाद सभी विषयों की नियमित कक्षाएं संचालित की गईं।
हालांकि, प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा के निधन के बाद विद्यालय में गणित विषय के शिक्षक का संकट गहरा गया है। साथ ही अभी तक किसी को प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी भी नहीं सौंपी गई है।
ग्राम प्रधान प्रियंका ने बताया कि विद्यालय में जल्द प्रभारी प्रधानाचार्य की नियुक्ति कराने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल और अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।








