बागेश्वर : गोगीनापानी गांव में आज शाम एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद दो पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक के स्वजन ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार आज लगभग सात बजे फल्यांटी स्थित एक दुकान के बाहर 40 वर्षीय गोपाल राम पुत्र काशीराम, निवासी गोगीनापानी, पुष्कर तथा फल्यांटी निवासी जीवन के बीच विवाद हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक तीनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गोपाल राम को धक्का मारा तथा वह सड़क पर गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक के स्वजन ने इसे हत्या का मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस उपाअधीक्षक अजय साह ने बताया कि मामले की हर कोण से गहन जांच की जा रही है। जिस दुकान के आगे घटना हुई, उसके संचालक से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








