बागेश्वर। पुलिस लाइन मालता में सोमवार को पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के साथ सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोष्ठी से पहले एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों की विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी ली और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों पर नजर
अपराध समीक्षा के दौरान एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की निरंतर निगरानी करने तथा सक्रिय अपराधियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। सभी विवेचकों को लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही NBW और BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने को कहा गया।
नशा तस्करी पर सख्ती
ऑपरेशन प्रहार और ऑपरेशन लगाम के तहत थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ उनके बैकवर्ड और फारवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाने को कहा गया। ऐसे मामलों में गुंडा, गैंगस्टर और PIT-NDPS Act के तहत कार्रवाई करने तथा आवश्यकता के अनुसार हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराध और सोशल मीडिया पर भी फोकस
बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एसपी ने MRM और GRM पोर्टल की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया। सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्टों की सतत निगरानी कर तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बाहरी लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन
बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई के साथ बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा डायल-112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित रिस्पॉन्स देने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई बढ़ाने, वाहन चेकिंग एवं ई-चालान की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। JMIS, CRIMAC, CEIR और NATGRID जैसे पोर्टलों का अधिकतम उपयोग कर सूचनाओं के बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
मानसून सीजन को देखते हुए आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
21 पुलिसकर्मी सम्मानित
अगस्त माह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 21 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने पुलिस कर्मियों से इसी तरह जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट सहित जनपद के सभी थाना-चौकी एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।








