बागेश्वर। संघर्ष वाहिनी बागेश्वर की ओर से रविवार को तहसील रोड स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगठन के सदस्यों ने इसके साथ ही NEET परीक्षा पेपर लीक प्रकरण से जुड़े छात्र आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले छात्रों को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले कारगिल के वीर शहीदों का राष्ट्र हमेशा ऋणी रहेगा। उन्होंने छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लिया जाना चाहिए और आंदोलनकारियों के साथ हुई कथित ज्यादतियों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई की जांच संसदीय समिति की निगरानी में कराई जाए। साथ ही आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों को उचित मुआवजा देने तथा सरकार द्वारा घोषित राहत और सहायता को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू किया जाए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी और न्यायपूर्ण एवं पारदर्शी व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर कवि जोशी, रमेश पाण्डेय, भुवन कांडपाल, संस्कार भारती, रिजवान खान, रोहित खैर, दर्शन जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








