बागेश्वर। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा बागेश्वर नगर में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने पूरे नगर में अनुशासन, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
पथ संचलन की शुरुआत मंडलसेरा क्षेत्र से हुई, जो अस्पताल तिराहा, सरयू पुल तिराहा होते हुए स्टेशन रोड और चौक बाजार से गुजरता हुआ अंत में बागनाथ मंदिर परिसर में जाकर संपन्न हुआ। संचलन के दौरान स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में कतारबद्ध होकर चलते नजर आए, जिससे पूरे नगर में आकर्षण का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर स्वयंसेवक अव्वल सिंह तोपाल ने बताया कि पथ संचलन का उद्देश्य समाज में संगठन, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को संस्कार और समाज सेवा के लिए प्रेरित किया जाता है।
संचलन के दौरान नगरवासियों ने भी जगह-जगह खड़े होकर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों ने अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस पथ संचलन से पूरे नगर में धार्मिक और सामाजिक उत्साह का माहौल बना रहा।








