बागेश्वर। सेवा, सुशासन और समर्पण अभियान के तहत विकासखंड के क्वैराली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना राज्य स्तरीय अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने की। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में उद्यान, स्वास्थ्य, रीप, आयुर्वेदिक, कृषि, वन, समाज कल्याण, पेयजल, विद्युत समेत दर्जनों विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान दर्जनों ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक परामर्श व दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में कुल 46 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर आयोजित करने का मकसद लोगों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से बचाना और उनकी समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे शिविरों से न केवल लोगों को योजनाओं की जानकारी मिलती है, बल्कि पात्र लोगों को सीधे योजनाओं से जोड़ने का अवसर भी मिलता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के शिविर गांवों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। पहले छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही शिकायत दर्ज होने के साथ उनका समाधान भी किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि शिविर के आयोजन से लोगों को काफी राहत मिली है और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही है। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन मिला है। कार्यक्रम का संचालन निदेशक डेयरी अनुराग मिश्रा ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य, गिरीश परिहार, गोबिंद टंगड़िया, डॉ. राजेंद्र परिहार, रणजीत दास,जगदीश आर्य, राजकुमार मेहता, जितेंद्र बिष्ट, देवेंद्र परिहार, दरबान बिष्ट, कैलाश अंडोला, गिरीश टंगड़िया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।








