काँडा तहसील की नारायणगूँठ, ढप्पट्टी व भदौरा ग्राम पंचायतों में जर्जर आवासों वाले परिवारों को मिली राहत सामग्री
काँडा।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, बागेश्वर द्वारा संचालित ‘सुरक्षित आशियाना’ अभियान के तहत काँडा तहसील की नारायणगूँठ, ढप्पट्टी एवं भदौरा ग्राम पंचायतों में जीर्ण-शीर्ण एवं आपदा प्रभावित आवासों में रह रहे निर्धन परिवारों को तिरपाल सहित राहत सामग्री वितरित की गई।
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन परिवारों को सहायता प्रदान की गई, जिनके मकानों की छतें जर्जर हो चुकी हैं और बरसात के दौरान पानी टपकने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं को तिरपाल उपलब्ध कराकर उनके आवासों को अस्थायी रूप से सुरक्षित बनाने का प्रयास किया गया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य पंकज डसीला ने बताया कि सुरक्षित आशियाना अभियान का उद्देश्य आपदा प्रभावित एवं जर्जर आवासों में रह रहे जरूरतमंद परिवारों को बरसात के मौसम में राहत पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों की पहचान कर उन्हें तिरपाल एवं आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे सुरक्षित रह सकें।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान आशा नगरकोटी, नीमा धामी, गौरव धपोला, विनोद नगरकोटी, दीपक सिंह, गुड्डू पांडेय तथा जितेंद्र वर्मा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत भरा कदम बताया.








