बागेश्वर। नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चार जून को अल्मोड़ा में प्रस्तावित रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता जा रहा है। रैली की तैयारियों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कोसानी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन को सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि चार जून को अल्मोड़ा में राहुल गांधी की सभा आयोजित होगी, जो ऐतिहासिक साबित होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचकर पार्टी की ताकत दिखानी होगी। रावत ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर लोगों को रैली से जोड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे और इसके लिए अभी से जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस समेत सभी संगठनात्मक इकाइयों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
इधर, जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र से अधिकाधिक संख्या में कार्यकर्ता अल्मोड़ा पहुंचेंगे।
बैठक में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, हरीश ऐंठानी, नरेंद्र बिष्ट, राजेंद्र टंगड़िया, परवीन कोरंगा, प्रकाश कोहली, प्रकाश आर्य, लक्ष्मण कुमार, गिरीश तिवारी, एसपी सिंह, टीका कुमार, बबलू नेगी, महिंदर रावत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








