बागेश्वर। नगर के नदीगांव स्थित सैम मंदिर वार्ड में प्रस्तावित बीयर बार खोलने के विरोध में स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार तेज होता जा रहा है। आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बीयर बार की अनुमति तत्काल निरस्त करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सैम मंदिर वार्ड एक शांत, आवासीय और शैक्षणिक वातावरण वाला क्षेत्र है, जहां इस प्रकार की गतिविधियों को अनुमति देना सामाजिक रूप से उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जनता की भावनाओं की अनदेखी की, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल टैक्सी स्टैंड के समीप घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां सैकड़ों परिवार निवास करते हैं। आसपास आंगनबाड़ी, विद्यालय और मंदिर स्थित हैं, जिससे यह क्षेत्र बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए संवेदनशील माना जाता है। ऐसे में यहां शराब बार खुलने से सामाजिक व्यवस्था पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। उन्होंने कहा कि बीयर बार खुलने से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है तथा बच्चों के संस्कार और शिक्षा पर गलत असर पड़ेगा। इसके अलावा, क्षेत्र में पहले से ही यातायात और पार्किंग की समस्या बनी हुई है, जो बार खुलने के बाद और बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि इससे झगड़े, अपराध और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने बताया कि बीयर बार का पूर्ण विरोध करते हुए प्रशासन से मांग की है कि उक्त स्थान पर किसी भी स्थिति में शराब बार खोलने की अनुमति न दी जाए। यदि पहले से अनुमति दी जा चुकी है, तो उसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी की गई, तो सभी ग्रामवासी शांतिपूर्ण लेकिन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह मुद्दा पूरे समाज की चिंता का विषय बन चुका है। ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक बीयर बार खोलने की योजना पूरी तरह रद्द नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। इस दौरान जगदीश रावल,दयाल पांडे, कंचन मटियानी,जगदीश चंद्र, उमा उपाध्याय, गीता रावल, नीमा देवी, पुष्पा राणा, कमला राणा, पुष्पा रावल, निर्मला, दुर्गा, नीमा दयाराकोटी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








