बागेश्वर। पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर रविवार को बागेश्वर में कर्मचारियों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से जनाक्रोश रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
रैली का शुभारंभ नुमाइश खेत मैदान से हुआ। यहां से कर्मचारी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर दुग बाजार, सरयू पुल, माल रोड और चौक बाजार होते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली का समापन चौक बाजार में हुआ, जहां कर्मचारियों ने सभा आयोजित कर अपनी मांगों को दोहराया।
सभा को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेताओं ने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के भविष्य को असुरक्षित बना रही है। वर्षों तक सेवा देने के बाद भी कर्मचारियों को बुढ़ापे में सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और सरकार को इसे तत्काल बहाल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। यदि सरकार ने जल्द कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
रैली को राजनीतिक समर्थन भी मिला। कांग्रेस के पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, कांग्रेस नेता राजेंद्र टंगड़िया और भगवत सिंह डसीला सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने रैली में शामिल होकर कर्मचारियों का समर्थन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें जायज हैं और सरकार को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
रैली के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न विभागों के कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एक स्वर में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।








