गरुड़।
विकासखंड गरुड़ में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से मंत्रम संस्था के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रतिभा संगम’ कार्यक्रम में 30 विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर उनकी उपलब्धियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक पार्वती दास ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और उसे पाने के लिए निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि आज के मेधावी छात्र-छात्राएं ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कारों को भी अपनाने और अपने कार्यों से प्रदेश व देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
समारोह में प्रत्येक विद्यालय से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले दो-दो छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मधुसूदन जोशी ने की, जबकि संचालन योगेश जोशी ने किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवकीनंदन जोशी, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, कुमाऊं संयोजक जेसी आर्या, भाजपा महामंत्री घनश्याम जोशी, सभासद मोनिका वर्मा, ललिता प्रसाद, गणेश दत्त जोशी, हरीश रावत, नवीन खोलिया, डीके जोशी, अभय नेगी, रमेश जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मेधावी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।







