बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा संचालित “पुलिस आपके द्वार” जन-जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करना तथा नागरिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विशेष कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस टीम द्वारा “गौरा शक्ति ऐप” के लाभ बताते हुए महिलाओं को इस पर पंजीकरण करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने बढ़ते डिजिटल फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव को लेकर सोशल मीडिया सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक सुझाव साझा किए। इसके अलावा मानस (MANAS) पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई और बताया गया कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए टोल-फ्री नंबर 1933 पर कभी भी संपर्क किया जा सकता है।
नागरिकों को आपातकालीन सहायता के लिए 112, साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए 1930 तथा महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह जन-जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पुलिस की पहुंच सुनिश्चित की जा सके और अपराध नियंत्रण में जनभागीदारी को बढ़ावा मिले।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।








