logo

पुलिस व महिला हेल्पलाइन टीम ने नाबालिग की शादी रुकवाई, परिजनों को किया जागरूक

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कोतवाली बैजनाथ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चनौली में एक नाबालिग लड़की की प्रस्तावित शादी को पुलिस और महिला हेल्पलाइन टीम ने समय रहते रुकवा दिया। साथ ही परिजनों को कानून की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार ग्राम चनौली में एक नाबालिग लड़की का विवाह फरवरी माह के तृतीय सप्ताह में तय किया गया था। सूचना मिलते ही मामले की पुष्टि के लिए तत्काल कार्रवाई की गई और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया।
इसके बाद प्रभारी डीसीआरबी निरीक्षक टी.आर. बगरेठा, प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (A.H.T.U.) एवं महिला हेल्पलाइन प्रभारी उपनिरीक्षक मीना रावत, बाल कल्याण समिति (CWC), वन स्टॉप सेंटर तथा कोतवाली बैजनाथ पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
टीम द्वारा लड़की की जन्मतिथि से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें उसकी उम्र 18 वर्ष से कम पाई गई। इस पर टीम ने तत्काल बाल विवाह को रुकवाया और परिजनों की काउंसलिंग की। उन्हें बाल विवाह निषेध अधिनियम के प्रावधानों और दंडात्मक कार्रवाई की जानकारी दी गई।
काउंसलिंग के बाद परिजनों ने लिखित रूप में आश्वासन दिया कि वे अपनी पुत्री की शादी बालिग होने के बाद ही करेंगे।
इसके पश्चात टीम ने “पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत ग्राम चनौली में स्थानीय ग्रामीणों को बाल विवाह, बाल अपराध, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी, साइबर अपराध, नशा मुक्ति, यातायात नियमों, ऑपरेशन मुक्ति, बाल भिक्षावृत्ति सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूक किया।
ग्रामीणों को डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही उत्तराखंड पुलिस एप और उसमें उपलब्ध “गौरा शक्ति” फीचर के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आगे आएं और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाया जा सके।

Share on whatsapp