कौसानी : हिमालयन लैंडस्केप फोटोग्राफी वर्कशाप में प्रतिभागियों ने बिजौरिया गांव का भ्रमण किया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे फोटोग्राफरों ने प्राकृतिक सौंदर्य और ग्रामीण परिवेश को अपने कैमरों में कैद किया। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने गांव के हरे-भरे खेतों, हिमालयी परिदृश्यों तथा पारंपरिक ग्रामीण जीवन को नजदीक से देखा। फोटोग्राफरों ने स्थानीय संस्कृति, रहन-सहन तथा प्राकृतिक रंगों को अपनी तस्वीरों में उतारते हुए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। प्रसिद्ध फोटोग्राफर अनिल रिसाल सिंह ने फार्म एंड कलर्स विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि फोटोग्राफी में रंगों तथा संरचना का संतुलित उपयोग तस्वीरों को प्रभावशाली बनाता है। साथ ही उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि सही रंग संयोजन से साधारण दृश्य भी आकर्षक बन सकता है। इंदौर के प्रसिद्ध फूड फोटोग्राफी विशेषज्ञ गुरदास दुआ ने फूड और स्टिल लाइफ फोटोग्राफी की बारीकियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और बताया कि प्रकाश, एंगल तथा प्राप्स का सही उपयोग फूड फोटोग्राफी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कहा कि इस कला में दक्षता हासिल कर युवा इसे एक सफल व्यवसाय के रूप में अपना सकते हैं। आयोजक थ्रीष कुमार ने कहा कि यह वर्कशाप प्रतिभागियों के लिए सीखने, अनुभव साझा करने तथा नेटवर्किंग का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रही है।








