बागेश्वर। जिले में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इंपीरियल सर्विस डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा संचालित आउटरीच ड्रॉप-इन सेंटर (ODIC) बागेश्वर द्वारा ग्राम क्वैराली में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, उसकी रोकथाम और उपचार की उपलब्ध सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। अभियान के दौरान डॉक्टर, नर्स, काउंसलर तथा ODIC और CPLI टीम के सदस्यों ने मिलकर लोगों को जागरूक किया। मौके पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और नशा छोड़ने में मदद करने वाली काउंसलिंग सेवाएँ भी प्रदान की गईं।कार्यक्रम में डॉ. दर्शन कुमार, नर्स भावना कनवाल, काउंसलर सुंदर कोरंगा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त CPLI टीम से कोऑर्डिनेटर भुवन जोशी, जया चंद, मनमोहन कनवाल, राधेश्याम जोशी और प्रतिभा आदि ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। टीम के सदस्यों ने बताया कि नशे की समस्या सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक स्तर पर गंभीर प्रभाव डालती है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोग नशे की चपेट में आने से पहले ही सतर्क हो सकें और प्रभावित परिवारों को उचित मार्गदर्शन मिल सके। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशामुक्त समाज के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।








