सर्व शिक्षा अभियान में संविदा के पद पर तैनात कर्मचारी का हल्द्वानी के अस्पताल में ऑपरेशन हो गया है। आर्थिक दिक्कत के चलते उनके इलाज में परेशानी हो रही थी। रेडक्रॉस सोसायटी की पहल पर शिक्षा विभाग के कर्मचारियों, रेडक्रॉस स्वयंसेवियों और अन्य लोगों ने इलाज के लिए करीब ढाई लाख की राशि एकत्र की। लोगों के सहयोग से कर्मचारी का समय पर उपचार हो गया है। कर्मचारी और उनके परिजनों ने सभी मददगारों का आभार जताया है।

सीईओ कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात ललित रावत का कुछ दिन पहले स्वास्थ्य खराब हो गया था। उनका हल्द्वानी में उपचार चल रहा था। चिकित्सकों ने उन्हें हृदय से संबंधित परेशानी बताते हुए ऑपरेशन करने की सलाह दी थी, लेकिन आर्थिक हालत सही नहीं होने से वह परेशान थे। उनकी दिक्कतों को देखते हुए रेडक्रॉस के जिला सचिव आलोक पांडेय और वरिष्ठ सदस्य उमेश जोशी ने सोशल मीडिया पर मदद की अपील की। अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उनके इलाज को मदद जुटाई गई। उनकी परेशानी को देखते हुए कई लोग मदद को आगे आए और एक दिन में ही दो लाख से अधिक की राशि एकत्र हो गई। रेडक्रॉस के वरिष्ठ सदस्य जोशी ने बताया कि उनके इलाज की पर्याप्त राशि एकत्र हो गई थी। जिसकी मदद से उनका सफल ऑपरेशन हो गया है।









