logo

कारगिल विजय दिवस पर बागेश्वर ने वीर शहीदों को किया नमन, वीरांगना जानकी बोरा समेत पूर्व सैनिक हुए सम्मानित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद बागेश्वर में शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे जनपद में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ से हुई। इसके बाद तहसील परिसर से नुमाइशखेत तक प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह भी पढ़ें 👉  डीएमएफ फंड की जांच को लेकर बसंत कुमार ने खान विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

इसके उपरांत तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई तथा गार्ड ऑफ ऑनर के माध्यम से वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मानपूर्वक नमन किया गया। बाद में सांस्कृतिक ऑडिटोरियम में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी वेद जोशी ने कहा कि जब भी वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, सदैव यह स्मरण रखेंगे कि मातृभूमि की रक्षा के लिए हमारे वीर सैनिकों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण कर देशसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करने का अवसर भी है।

यह भी पढ़ें 👉  रामगंगा नदी पर बना 110 मीटर लंबा पुल क्षतिग्रस्त, एक साल बाद भी निर्माण की पहल नहीं,ग्रामीणों में आक्रोश

इस दौरान वीरांगना जानकी बोरा को सम्मानित किया गया। वहीं पूर्व सैनिक जगदीश सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और सम्मान का दिन है। यह दिन उन वीर सैनिकों को याद करने का अवसर है जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।

यह भी पढ़ें 👉  मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने बांधी काली फीती, पांच अक्टूबर से हड़ताल की चेतावनी

स्थानीय निवासी दलीप सिंह खेतवाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को वीर सैनिकों के बलिदान से प्रेरणा लेकर देश सेवा की भावना को अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp