मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद डीएम ने जारी किए आदेश, कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी व अशासकीय विद्यालयों में अवकाश
बागेश्वर, । भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने मंगलवार, 28 जुलाई को जिले के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अति तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।








