गरुड़। शैक्षिक प्रशासन में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य प्रणाली के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान ( एनआईईपीए) नई दिल्ली के तत्वाधान में आयोजित एक भव्य समारोह में गरुड़ की खंड शिक्षा अधिकारी व डाइट बागेश्वर की प्राचार्या कमलेश्वरी मेहता को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ( एनसीईआरटी ) के पूर्व निदेशक एवं पद्मश्री प्रोफेसर जेएस राजपूत ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। बीईओ कमलेश्वरी मेहता को यह पुरस्कार विकासखंड और जिले में शैक्षिक प्रशासन में सुधार के लिए सराहनीय नवाचार के लिए प्रदान किया गया। दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन दो और तीन सितंबर को नई दिल्ली के अकादमिक भवन में आयोजित किया गया था। जिसमें देशभर से 84 जिला एवं ब्लाक स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा प्रशासन में ग्रास-रूट स्तर पर किए गए नवाचारों को साझा करना और उन्हें प्रोत्साहित करना था। विदित रहे कि बीईओ कमलेश्वरी मेहता के प्रयासों से स्कूलों में बुनियादी ढांचे, शिक्षक क्षमता, तकनीकी उपयोग एवं सामुदायिक सहभागिता में महत्वपूर्ण सुधार हुए हैं। उन्हें पुरस्कार मिलने पर शिक्षकों व बच्चों में खुशी की लहर है। बीईओ कमलेश्वरी मेहता को पुरस्कार मिलने पर जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे, उप जिलाधिकारी वैभव कांडपाल, प्रियंका रानी, तहसीलदार निशा रानी, सीईओ विनय कुमार आर्य, राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त पंत, महामंत्री देवेंद्र मेहता, ब्लाक अध्यक्ष डा. हरेंद्र रावल, महामंत्री राहुल खुल्बे, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दीपक रावत, महामंत्री नवीन मिश्रा, ब्लाक अध्यक्ष सुंदर सिंह नेगी, महामंत्री भूपाल अल्मिया, राजूहा शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष जीवन सिंह दोसाद समेत जनपद व विकासखंड के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बधाई दी है।








